कमर को सीधा रखते हुए आराम से बैठ जाएँ। अपनी आँखें बंद कर लें और मन में मैत्री का भाव जगाएँ।
सबसे पहले, यह मैत्री खुद के प्रति महसूस करें। कारण यह है कि यदि हम स्वयं से ही प्रेम नहीं कर सकते, यदि सच्चे मन से अपने ही सुख की कामना नहीं कर सकते, तो हम दूसरों के सुख की सच्ची कामना भी नहीं कर पाएँगे। इसलिए बस इतना सोचें—“मेरा मंगल हो। मुझे सच्चा सुख मिले।”
यह कोई स्वार्थ नहीं है, क्योंकि सच्चा सुख हमेशा भीतर से ही जन्म लेता है। सच तो यह है कि अगर आप अपने भीतर सुख का वह स्रोत खोज लें और उसे सींचें, तो उसकी लहरें अपने आप दूसरों तक भी पहुँचेंगी। यह एक ऐसा सुख है जो किसी से कुछ पाने का मोहताज नहीं होता।
अब इस मैत्री भाव को दूसरों के प्रति जगाएँ। शुरुआत उनसे करें जो आपके दिल के सबसे करीब हैं—आपके माता-पिता, परिवार और घनिष्ठ मित्र। “उन सबका भी मंगल हो। वे भी सच्चा सुख पाएँ।”
धीरे-धीरे इस भाव का दायरा बढ़ाते जाएँ। उन लोगों के बारे में सोचें जिन्हें आप अच्छी तरह जानते हैं, फिर वे जिनसे आपकी कम जान-पहचान है। उसके बाद उनके प्रति मैत्री जगाएँ जिन्हें आप पसंद करते हैं, फिर उनके प्रति जिनसे आपको न तो कोई लगाव है न ही कोई बैर (तटस्थ लोग), और अंत में उनके प्रति भी मैत्री महसूस करें जिन्हें आप नापसंद करते हैं। अपनी मैत्री को किसी सीमा में न बाँधें, क्योंकि सीमाएँ मन को संकुचित कर देती हैं।
अब उनके लिए भी मंगल कामना करें जिन्हें आप जानते तक नहीं। और केवल इंसानों तक ही क्यों रुकना? दसों दिशाओं (पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण, ऊपर, नीचे और हर ओर) में मौजूद हर छोटे-बड़े प्राणी के प्रति मैत्री महसूस करें—“सबका मंगल हो, सब सच्चा सुख पाएँ।”
मन को वर्तमान में लाएँ
अब अपने ख्यालों को समेटकर वापस इसी पल—यानी वर्तमान—में ले आएँ। अगर आप सच्चा सुख चाहते हैं, तो उसे यहीं वर्तमान में ही खोजना होगा। बीता हुआ कल जा चुका है और आने वाले कल का कोई भरोसा नहीं।
तो फिर इस पल में हमारे पास क्या है? यह शरीर है, जो यहाँ बैठा साँस ले रहा है, और यह मन है, जो जागरूक है और सोच रहा है। इन सबको एक साथ ले आएँ। अपना ध्यान अपनी साँसों पर केंद्रित करें।
आती हुई साँस और जाती हुई साँस के प्रति पूरी तरह सचेत रहें। जब भी मन भटके, उसे वापस साँस पर ले आएँ—इसे ही ‘स्मृति’ कहते हैं। और हर आती-जाती साँस को पूरी तरह महसूस करना ‘सचेतता’ (सम्पजञ्ञ) कहलाता है। इन दोनों गुणों को मन में एक साथ बनाए रखें।
अपनी स्मृति को और मज़बूत करने के लिए आप किसी शब्द का सहारा ले सकते हैं, जैसे कि “बुद्धो”, जिसका अर्थ है ‘जागृत’। साँस भीतर लेते समय मन में सोचें “बुद्” और साँस बाहर छोड़ते समय सोचें “धो”।
साँसों की लय और प्राण-ऊर्जा
अपनी साँसों को सहज और आरामदायक होने दें। साँस को ज़बरदस्ती न खींचें, बस उसे अपने आप एक आरामदायक लय में बहने दें। इस पल में अपने सुख का ख्याल रखने का यह सबसे सीधा और पक्का तरीका है, जिससे आपकी सजगता भी गहरी होती है।
खुद के साथ थोड़ा प्रयोग करके देखें कि इस समय आपके शरीर को किस प्रकार की साँस सबसे सुखद लग रही है। हो सकता है कि लंबी साँसें अच्छी लगें, या फिर छोटी साँसें। शायद साँस लेना लंबा और छोड़ना छोटा हो, या इसका उल्टा। साँसें भारी हो सकती हैं या हल्की, तेज़ या धीमी, गहरी या उथली।
जैसे ही आपको साँसों की एक सुखद लय मिल जाए, कुछ देर उसी के साथ ठहर जाएँ। साँस लेने के उस एहसास का पूरा आनंद लें। कोशिश करें कि साँसों में कोई रुकावट न हो; उन्हें बिना किसी बाधा के, खुलकर बहने दें।
साँस को केवल फेफड़ों में जाने और बाहर आने वाली हवा न समझें। इसे शरीर में बहने वाली प्राण-ऊर्जा के रूप में महसूस करें, जो हर आती-जाती साँस के साथ आपके रोम-रोम में संचार कर रही है। यह प्राण-ऊर्जा कैसी महसूस हो रही है? उसके प्रति पूरी तरह संवेदनशील बने रहें।
ऐसा हो सकता है कि कुछ देर बाद शरीर की ज़रूरतें बदल जाएँ। जो लय अभी सुखद लग रही थी, वह थोड़ी देर बाद शायद उतनी अच्छी न लगे। अपने शरीर की पल-पल बदलती ज़रूरतों को पहचानें और उसी के अनुसार अपनी साँसों को ढालें।
खुद से पूछें—इस समय शरीर किस प्रकार की प्राण-ऊर्जा माँग रहा है? और मैं उसे कैसे पूरा कर सकता हूँ? अगर थकान लग रही हो, तो ऐसी साँस लें जिससे शरीर में ताज़गी भर जाए। अगर तनाव महसूस हो रहा हो, तो ऐसी साँस लें जिससे मन को गहरी शांति मिले।
भटकते मन को संभालना (आतप्प)
अगर मन भटक जाए, तो उसे प्यार से वापस ले आएँ। दस बार भटके, तो दस बार वापस लाएँ। सौ बार भटके, तो सौ बार लाएँ। हार न मानें। ध्यान की इसी लगन और तत्परता को पाली भाषा में ‘आतप्प’ कहा जाता है। इसका सीधा सा अर्थ है—जैसे ही आपको एहसास हो कि मन भटक गया है, उसे तुरंत वापस साँस पर ले आएँ।
ख्यालों में आवारा न भटकें—कभी यह सोचते हुए कि फूल की महक कैसी है, कभी आसमान निहारते हुए, तो कभी पक्षियों की आवाज़ में खोते हुए। याद रखें, आप यहाँ एक बहुत ज़रूरी काम करने बैठे हैं: यह सीखना कि एक आरामदायक साँस कैसे ली जाती है, और मन को शांत करके वर्तमान में कैसे टिकाया जाता है।
जब भी मन भटके और आप उसे वापस लाएँ, तो खुद को इनाम के तौर पर एक बेहद सुखद और गहरी साँस दें। इससे मन की वापस लौटने की इच्छा और मज़बूत होगी।
शरीर का अवलोकन
जब साँस पूरी तरह से आरामदायक लगने लगे, तब आप इस सुखद एहसास को शरीर के बाकी हिस्सों में भी महसूस करना शुरू कर सकते हैं। अगर आप केवल एक छोटी सी जगह पर ही ध्यान केंद्रित रखेंगे, तो आपको नींद आ सकती है। इसलिए जानबूझकर अपनी चेतना को शरीर के अंग-अंग में फैलाएँ।
- शुरुआत नाभि के आस-पास ध्यान केंद्रित करके करें। शरीर के इस हिस्से को अपनी चेतना में महसूस करें—आती साँस के साथ यह कैसा लग रहा है? जाती साँस के साथ कैसा लग रहा है? यहाँ किस प्रकार की साँस अच्छी लग रही है? ज़रा ध्यान दें कि कहीं साँस लेते या छोड़ते समय यहाँ कोई खिंचाव या तनाव तो नहीं बन रहा? क्या आप साँस को दबोच कर या ज़बरदस्ती धकेल कर तो बाहर नहीं निकाल रहे?
अगर ऐसा कुछ भी हो रहा है, तो उस हिस्से को बिल्कुल ढीला छोड़ दें। महसूस करें कि आती और जाती साँस के साथ सारा तनाव पिघल रहा है। आप चाहें तो महसूस कर सकते हैं कि प्राण-ऊर्जा सीधे आपकी नाभि से ही शरीर में प्रवेश कर रही है और हर तरह के तनाव को मिटा रही है।
- फिर अपनी चेतना को पेट के निचले दाहिने हिस्से पर ले जाएँ और इन्हीं तीन चरणों को दोहराएँ:
- उस हिस्से को अपनी चेतना में महसूस करें।
- जाँचें कि आती-जाती साँस के साथ वहाँ कैसा महसूस हो रहा है और किस प्रकार की साँस वहाँ सुखद लग रही है।
- अगर कोई भी तनाव या खिंचाव हो, तो उसे ढीला होने दें…
अब यही प्रक्रिया पेट के निचले बाएँ हिस्से के लिए दोहराएँ।
फिर अपना ध्यान छाती और नाभि के बीच (Solar Plexus) पर ले आएँ…
फिर उसके दाईं ओर…
फिर बायीं ओर…
फिर छाती पर…
फिर गले के नीचे…
और अंत में सिर के बीचों-बीच।
सिर में प्राण-ऊर्जा को महसूस करते समय बहुत नरमी बरतें। कोमलता से महसूस करें कि प्राण-ऊर्जा केवल नाक से ही नहीं, बल्कि आँखों, कानों, सिर के ऊपरी हिस्से और गर्दन के पीछे से भी प्रवेश कर रही है और मस्तिष्क की गहराइयों तक जा रही है। चेहरे, जबड़े या गर्दन के आस-पास जहाँ भी तनाव लगे, उसे ढीला करते हुए साँस लें और साँस छोड़ें।
- इसके बाद धीरे-धीरे अपना ध्यान पीठ से नीचे की ओर ले जाएँ—टाँगों से होते हुए, पैरों तक और पैरों की उंगलियों के बीच की खाली जगह तक।
हर अंग पर रुकें, जाँचें कि वहाँ साँस किस प्रकार की महसूस हो रही है, और तनाव को ढीला होने दें ताकि प्राण-ऊर्जा खुलकर बह सके। फिर यही पूरी प्रक्रिया गर्दन के पीछे से शुरू करके कंधों, बाजुओं, हाथों और उंगलियों तक दोहराएँ।
आप शरीर का यह अवलोकन तब तक बार-बार कर सकते हैं, जब तक आपको यह महसूस न हो कि मन अब पूरी तरह से ठहरने के लिए तैयार है।
एकाग्रता और चेतना का विस्तार
अब, शरीर के जिस हिस्से में आपका मन सबसे अधिक सहज, स्थिर और केंद्रित महसूस करे, अपना सारा ध्यान वहीं टिका दें। अपनी चेतना को साँस के साथ जोड़कर उस जगह पर आराम से ठहरने दें।
लेकिन इसके साथ ही, अपनी चेतना के दायरे को इतना फैलने दें कि वह पूरे शरीर में भर जाए। ठीक उस मोमबत्ती की तरह जो कमरे के बीच में रखी होती है—लौ तो एक ही जगह होती है, लेकिन उसकी रोशनी पूरे कमरे को जगमगा देती है। या फिर जाल पर बैठी उस मकड़ी की तरह, जो होती तो एक ही जगह पर है, लेकिन उसे पूरे जाल की खबर होती है।
इस फैली हुई चेतना को बनाए रखने के लिए सजग रहें। हो सकता है कि बार-बार आपको लगे कि आपकी चेतना सिकुड़ रही है (खासकर साँस छोड़ते समय), जैसे किसी गुब्बारे में छोटा सा छेद हो गया हो। इसलिए मन ही मन यह भाव बनाए रखें—“पूरा शरीर… पूरा शरीर… सिर से लेकर पैरों तक पूरे शरीर में साँस।” महसूस करें कि प्राण-ऊर्जा शरीर के रोम-रोम से आ रही है और रोम-रोम से जा रही है।
इस केंद्रित लेकिन विशाल चेतना को बनाए रखने का पक्का इरादा करें। अब कुछ भी सोचने, कहीं भी जाने या कुछ और करने की ज़रूरत नहीं है। बस वर्तमान क्षण की इस गहरी और फैली हुई चेतना के साथ जुड़े रहें।
ध्यान से बाहर आने का कौशल
जब ध्यान समाप्त करने का समय आए, तो खुद को याद दिलाएँ कि ध्यान को पूरा करने का भी अपना एक ‘कौशल’ होता है। अचानक से आँखें खोलकर उछल न पड़ें। मेरे गुरुजी, आचार्य फुअंग कहा करते थे कि ज़्यादातर लोगों के लिए ध्यान करना दूसरी मंज़िल तक सीढ़ियाँ चढ़ने जैसा होता है—वे धीरे-धीरे, बहुत ध्यान से एक-एक कदम रखते हुए ऊपर चढ़ते हैं, लेकिन ऊपर पहुँचते ही सीधे खिड़की से नीचे छलाँग लगा देते हैं!
खुद को ऐसा न बनने दें। सोचें कि खुद को इतनी गहराई में केंद्रित करने में कितनी मेहनत लगी है; उसे झटके में व्यर्थ न गँवाएँ।
ध्यान समाप्त करने का पहला कदम है—एक बार फिर से सभी लोगों और प्राणियों के प्रति मैत्री भाव (प्रेम और करुणा) जगाना।
फिर, आँखें खोलने से पहले, खुद को यह याद दिलाएँ कि भले ही अब आपकी आँखें खुली रहेंगी, लेकिन आपका ध्यान शरीर के भीतर चलती हुई साँसों पर ही टिका रहेगा। उस केंद्र को जितनी देर हो सके, बनाए रखने की कोशिश करें—उठते समय, चलते समय, बातचीत करते समय, हर स्थिति में।
सही मायने में, ध्यान समाप्त करने का असली कौशल यही है कि ध्यान को कभी समाप्त ही न होने दिया जाए, चाहे आप कुछ भी कर रहे हों। अपने दिन भर के सारे काम उसी केंद्रित भाव के साथ करें।
अगर आप मन को इस तरह केंद्रित रख पाएँगे, तो आपको मन की चाल को परखने का एक बेहतरीन पैमाना मिल जाएगा; आप देख पाएँगे कि आपका मन बाहरी और भीतरी घटनाओं पर कैसी प्रतिक्रिया दे रहा है। भीतर एक स्थिर केंद्र होने पर ही मन की इस उधेड़बुन को समझना और उससे सच्चा ज्ञान (प्रज्ञा) पाना संभव हो पाता है।
लेखक: थानिसरो भिक्खु

आप एक प्रतिष्ठित थेरवादी भिक्षु और ध्यानसाधना के आचार्य हैं, जिन्हें स्नेहपूर्वक “अजान जेफ़” के नाम से भी जाना जाता है। आप अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया स्थित “मेत्ता अरण्य विहार” (Metta Forest Monastery) में निवास करते हैं, जहाँ आपने गहन ध्यान साधना, धर्म-विनय के अनुशासित पालन, और प्राचीन पाली सूत्रों के अध्ययन व शिक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाया है।
धर्म और विनय पर आपकी गहरी पकड़ और तर्कसम्मत व्याख्यानों से दुनियाभर के भिक्षु और साधक प्रेरित हुए हैं। आपने सुत्तपिटक और विनयपिटक के अधिकांश सूत्रों का अंग्रेज़ी में सरल व सटीक अनुवाद किया है, जिससे पाली बौद्ध सूत्रों की मौलिकता और गहराई जनसामान्य तक सहज रूप से पहुँच सके। आपके ध्यान और बौद्ध दर्शन पर दिए गए प्रवचन आधुनिक जीवन में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं, जिससे असंख्य साधकों को आध्यात्मिक दिशा मिली है।
आपका योगदान धम्मदीप.com से जुड़े सभी भिक्षुओं के आध्यात्मिक विकास में सबसे महत्वपूर्ण रहा है, और आप ही इस मंच के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। आप की शिक्षाएँ और अनुवाद dhammatalks.org पर अँग्रेजी में निःशुल्क उपलब्ध हैं।
आप के लेखों को हिन्दी में यहाँ पढ़ा जा सकता हैं।
इस लेख को उसकी मूल भाषा अँग्रेजी में पढ़ें: A Guided Meditation
