✦ ॥ नमो तस्स भगवतो अरहतो सम्मासम्बुद्धस्स ॥ ✦
लेखकों और योगदानकर्ताओं का परिचय मुख्य > जीवनी > एक विमल प्रेरणा 6. जीवनी

लेखकों और योगदानकर्ताओं का परिचय

लेखक: आनन्दजोति भिक्खु
| ११ मिनट



पूज्य भिक्खु बोधि

पूज्य भिक्खु बोधि न्यूयॉर्क शहर के एक अमेरिकी बौद्ध भिक्खु हैं, जिनका जन्म १९४४ में हुआ था। उन्होंने ब्रुकलिन कॉलेज से दर्शनशास्त्र में बीए और क्लेयरमोंट ग्रेजुएट स्कूल से दर्शनशास्त्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद वे श्रीलंका चले गए, जहाँ उन्हें १९७२ में श्रामणेर (नौसिखिया भिक्खु) और १९७३ में उपसंपदा (पूर्ण भिक्खु दीक्षा) मिली। १९८४ से २००२ तक वे कैंडी स्थित बुद्धिस्ट पब्लिकेशन सोसाइटी के मुख्य संपादक रहे; इस दौरान उन्होंने कैंडी के फॉरेस्ट हर्मिटेज (अरण्य विहार) में वरिष्ठ जर्मन भिक्खु भंते ञाणपोणिक थेरो (१९०१-१९९४) के साथ दस वर्ष बिताए।

वे २००२ में अमेरिका लौट आए और वर्तमान में न्यू जर्सी के बोधि मोनेस्ट्री में रहते हुए धम्म-शिक्षण कार्य कर रहे हैं। भंते बोधि के नाम पर लेखक, अनुवादक और संपादक के रूप में कई महत्वपूर्ण कृतियाँ दर्ज हैं। इनमें ‘द मिडल लेंथ डिस्कोर्सेस ऑफ द बुद्ध’ (मज्झिमनिकाय), ‘द कनेक्टेड डिस्कोर्सेस ऑफ द बुद्ध’ (संयुत्तनिकाय) और ‘द न्यूमेरिकल्स डिस्कोर्सेस ऑफ द बुद्ध’ (अङ्गुत्तरनिकाय) के मानक अनुवाद प्रमुख हैं।

भिक्खु ञाणतुसित

१९६७ में नीदरलैंड में जन्मे ञाणतुसित ने युवावस्था में कुछ समय अपने पिता के व्यापार में हाथ बंटाया और फिर दुनिया घूमने निकल पड़े। वे १९९० में ध्यान-साधना सीखने के उद्देश्य से श्रीलंका पहुँचे और मीतिरिगल स्थित निस्सरण वनय में प्रव्रज्या ग्रहण की।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के प्रसिद्ध विहारों में समय बिताने के बाद जब वे २००३ में श्रीलंका लौटे, तो भिक्खु बोधि ने उन्हें फॉरेस्ट हर्मिटेज में ठहरने के लिए आमंत्रित किया; और २००५ में उन्होंने बुद्धिस्ट पब्लिकेशन सोसाइटी के संपादक का कार्यभार संभाला। संपादन कार्य के अतिरिक्त भिक्खु ञाणतुसित ने कई कृतियों की रचना भी की है, जिनमें ‘द लाइफ ऑफ ञाणतिलोक थेरो’ (हेलमथ हेकर के साथ सह-लेखन) और ‘एन एनालिसिस ऑफ द भिक्खु पातिमोक्ख’ प्रमुख हैं।

भंते के. पेमसिरी

भंते के. पेमसिरी का जन्म ५ दिसंबर १९४२ को किदागम्मुल्ले (गमपहा) में हुआ था। १५ वर्ष की आयु में स्कूल छोड़ने के बाद उन्होंने विभिन्न पढ़ाई और नौकरियों में हाथ आजमाया, लेकिन किसी भी सांसारिक काम में उनका मन नहीं लगा।

लगभग १७ वर्ष की आयु से उन्होंने अपना अधिकांश समय सियाने विपस्सना केंद्र (कंदुबोड़ा) में आदरणीय गुरु भंते सुमतिपाल महाथेरो के मार्गदर्शन में ध्यान-साधना करते हुए बिताया। ११ मार्च १९६४ को भंते रेरुकने चन्दविमल को उपाध्याय और भंते सुमतिपाल को आचार्य मानकर उन्होंने प्रव्रज्या ली।

वे कई वर्षों तक कंदुबोड़ा में रहे और भंते सुमतिपाल जब साधकों (योगियों) को ध्यान सिखाते, तो वे नियमित रूप से उपस्थित रहते थे। १९६९ में उन्हें औपचारिक रूप से सहायक ध्यान-आचार्य नियुक्त किया गया। १४ जुलाई १९८२ को ८६ वर्ष की आयु में भंते सुमतिपाल के देहावसान के बाद, भंते पेमसिरी कंदुबोड़ा के मठाधीश बने। इसके बाद १९८९ में उन्हें कोलंबो के विपस्सना भावना केंद्र का मठाधीश बनने के लिए आमंत्रित किया गया।

वर्तमान में वे ‘सुमतिपाल अरण’ के मठाधीश हैं—एक नया ध्यान केंद्र जिसे उन्होंने २००२ में कंदुबोड़ा के सियाने विपस्सना केंद्र से सटी ज़मीन पर स्थापित किया था। भंते पेमसिरी श्रीलंका के अग्रणी ध्यान-गुरुओं में गिने जाते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, जापान, ओमान, स्लोवाकिया, ऑस्ट्रिया और चेक गणराज्य में ध्यान सिखाया है, और अंग्रेजी में उनके उपदेशों की दो पुस्तकें—‘वॉकिंग द टाइटरोप’ और ‘अफेक्शनल स्प्लेंडर’—प्रकाशित हो चुकी हैं।

भंते के. ञाणानंद

भंते कतुकुरुंदे ञाणानंद श्रीलंका के एक प्रसिद्ध बौद्ध भिक्खु और विद्वान थे, जिनका जन्म १९४० में गॉल जिले में हुआ और २०१८ में उनका निधन हुआ।

उन्होंने महिंदा कॉलेज (गॉल) से शिक्षा प्राप्त की और १९६२ में पेराडेनिया विश्वविद्यालय (कैंडी) से स्नातक किया, जहाँ उन्होंने पाली अध्ययन में विशेषज्ञता हासिल की। उन्होंने वहाँ कुछ समय तक पाली के सहायक व्याख्याता (लेक्चरर) के रूप में सेवा दी, लेकिन १९६७ में यह पद छोड़कर दोदंदुवा के आइलैंड हर्मिटेज में श्रीलंकाई अरण्य-परंपरा में भिक्खु बन गए।

१९७२ में वे प्रसिद्ध ध्यान-गुरु भंते मातारा श्री ञाणाराम महाथेरो के मार्गदर्शन में साधना करने के लिए मीतिरिगल निस्सरण वनय (गमपहा) चले गए। १९९२ में भंते ञाणाराम के देहावसान के कुछ समय बाद, भंते ञाणानंद पोथगुलगल अरण्य (केगल्ले जिला) में रहने लगे। भंते ञाणानंद ने हमेशा सख्त विनय-अनुशासन के साथ एक सरल और तपस्वी जीवन शैली बनाए रखी।

उनके सबसे प्रसिद्ध ग्रंथ ‘कॉन्सेप्ट एंड रियलिटी इन अर्ली बुद्धिस्ट थॉट’ (१९७१) और ‘द मैजिक ऑफ द माइंड’ (१९७४) हैं, जो दोनों आइलैंड हर्मिटेज में उनके प्रवास के दौरान पूरे हुए थे। उनका अंतिम प्रमुख कार्य उनके उपदेशों का एक संग्रह है जिसका शीर्षक है ‘निब्बान – द माइंड स्टिल्ड’, जो पहले सिंहल में और बाद में अंग्रेजी में प्रकाशित हुआ।

अयोमा विक्रमसिंघे

अयोमा विक्रमसिंघे श्रीलंका में संघ की एक महान दायिका और ‘महा उपासिका’ के रूप में प्रसिद्ध हैं।

अपनी किशोरावस्था में वे बर्मा गईं जहाँ उन्होंने वेबू सयादो के मार्गदर्शन में साधना सीखी और ध्यान में उत्कृष्ट प्रगति की। अयोमा पाली त्रिपिटक की बहुत गहरी जानकार हैं और उन्होंने इसके कई चुने हुए अंशों का सरल व आधुनिक सिंहल भाषा में अनुवाद किया है।

वे भंते ञाणविमल की अनन्य उपासिका थीं और उन्होंने होराना के पास अपनी संपत्ति पर भंते के लिए एक विशेष कुटी बनवाई थी, जहाँ भंते ने कई वर्षावास बिताए। उन्होंने स्वयं भी लंबे समय तक एकांत ध्यान शिविरों में रहकर गहन साधना की है।

भंते हिरिको

ओकवांग सुनिन (पूर्व में भंते हिरिको) कोरियाई चोग्ये परंपरा में दीक्षित एक ज़ेन भिक्खु हैं। उन्होंने १९९३ से १९९८ तक थाईलैंड और श्रीलंका में एक थेरवादी भिक्खु के रूप में जीवन बिताया। १९९७ के दौरान वे आइलैंड हर्मिटेज और कोलंबो में भंते ञाणविमल के उपस्थानक (सेवक भिक्खु) रहे।

भंते अजान ब्रह्मवंशो

भंते अजान ब्रह्मवंशो (जिन्हें ज़्यादातर लोग अजान ब्रह्म के नाम से जानते हैं) का जन्म १९५१ में लंदन (इंग्लैंड) में हुआ था और उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से सैद्धांतिक भौतिकी (थ्योरेटिकल फिजिक्स) की पढ़ाई की। कैम्ब्रिज में ही वे विश्वविद्यालय की बौद्ध सोसाइटी से जुड़े और १८ वर्ष की आयु में उन्होंने पहली बार किसी बौद्ध भिक्खु को देखा। उसी क्षण उन्हें अहसास हो गया कि वे जीवन में यही बनना चाहते हैं।

कैम्ब्रिज से स्नातक होने के बाद उन्होंने एक साल तक हाई स्कूल में पढ़ाया और फिर १९७३ में थाईलैंड जाकर भिक्खु बन गए, जहाँ उन्होंने भंते अजान चा के सान्निध्य में कड़ा प्रशिक्षण लिया। १९८३ में अजान चा ने उन्हें पर्थ (पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया) भेजा, जहाँ उन्होंने सर्पेन्टाइन में बोधिञाण मोनेस्ट्री की स्थापना में मुख्य भूमिका निभाई, जिसके वे वर्तमान में मठाधीश हैं।

अजान ब्रह्म ने गिदगेगन्नप में धम्मसार भिक्खुणी विहार स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है और वे ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण-पूर्व एशिया के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से धम्म-देशना देते हैं। उनके साप्ताहिक धम्म-प्रवचन बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के यूट्यूब चैनल पर दुनिया भर में लाइव स्ट्रीम किए जाते हैं। अजान ब्रह्म कई लोकप्रिय पुस्तकों के लेखक भी हैं, जिनमें ‘ओपनिंग द डोर ऑफ योर हार्ट’ (पहले ‘हू ऑर्डर्ड दिस ट्रकलॉड ऑफ डंग?’ नाम से प्रकाशित) और ‘माइंडफुलनेस, ब्लिस एंड बियॉन्ड: अ मेडिटेटर्स हैंडबुक’ शामिल हैं।

भंते गुत्तसील

भंते गुत्तसील एक सम्मानित पश्चिमी भिक्खु हैं जो श्रीलंका में रहते हैं। उनका जन्म १९४७ में न्यूजीलैंड में हुआ था और स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने ओटागो विश्वविद्यालय से मेडिकल की पढ़ाई शुरू की। सत्तर के दशक के मध्य में थाईलैंड यात्रा के दौरान उनका परिचय बुद्ध-धम्म से हुआ।

इसके बाद उन्होंने दिसंबर १९७५ में वाट फ्लेंग विपस्सना (थोनबुरी) में श्रामणेर दीक्षा ली और जून १९७६ में वाट बोवोन (बैंकॉक) में उपसंपदा ग्रहण की। १९८० में वे श्रीलंका आ गए, जहाँ वे पहले आइलैंड हर्मिटेज और बाद में मीतिरिगल निस्सरण वनय में रहे; वहाँ उन्होंने कई वर्षों तक भंते मातारा श्री ञाणाराम के मार्गदर्शन में साधना की। म्यांमार में पा-औक सयादो के मार्गदर्शन में कुछ वर्षों की साधना को छोड़कर, १९९० से वे मुख्य रूप से श्रीलंका के अरण्यों (जंगलों) में एकांत जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

भंते ञाणदीप थेरो

भंते ञाणदीप फ्रेंच-डेनिश मूल के भिक्खु हैं। वे १९६८ में श्रीलंका आए और अगले ही वर्ष उन्होंने आइलैंड हर्मिटेज में चीवर धारण किया। शुरुआत से ही उनका झुकाव अत्यंत कठोर तपस्वी (धुतांग) जीवन की ओर रहा है और वे हमेशा सुदूर वन क्षेत्रों में ही रहे हैं।

पाली भाषा और मूल बुद्ध-वचनों का उनका गहरा ज्ञान सर्वविदित है। वे निष्ठावान साधकों की कई पीढ़ियों के लिए उनके पदचिह्नों पर चलने की प्रेरणा रहे हैं।

चित्तपाल

चित्तपाल का जन्म १९५१ में सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में हुआ था और उन्होंने सिडनी विश्वविद्यालय से मानविकी और सामाजिक कार्य (सोशल वर्क) की पढ़ाई की। १९७५ में थाईलैंड यात्रा के दौरान उन्होंने पहली बार बुद्ध-धम्म सुना, और १९७७ की शुरुआत में वाट बोवोन (बैंकॉक) में दीक्षा ली।

१९७८ के अंत में वे श्रीलंका चले गए, जहाँ वे शुरुआत में आइलैंड हर्मिटेज और बाद में मीतिरिगल निस्सरण वनय में रहे। १९८३ में उन्होंने रतनापुरा के दक्षिण में स्थित सिंहराज अरण्य में एक एकांत भिक्खु का जीवन जीना शुरू किया। फिर १९८६ में, वे एक गंभीर वायरल बीमारी की चपेट में आ गए, जिसके कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया लौटना पड़ा और आखिरकार १९९४ में चीवर त्यागकर गृहस्थ जीवन में आना पड़ा। कई वर्षों से चित्तपाल उत्तरी क्वींसलैंड के मैग्नेटिक आइलैंड पर एक शांत, मननशील जीवन बिता रहे हैं।

अमल रणधीर करुणारत्ने

अमल का जन्म १९५७ में कैंडी (श्रीलंका) में हुआ था। १९७२ में उनका परिवार न्यूजीलैंड चला गया, जहाँ उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की, और तीन साल बाद यह परिवार एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया) में बस गया। उन्होंने फ्लिंडर्स विश्वविद्यालय से बीएससी (ऑनर्स), एडिलेड विश्वविद्यालय से एमबीए, गोल्ड कोस्ट की बॉन्ड यूनिवर्सिटी से एम.कॉम और सिडनी विश्वविद्यालय से पीएचडी पूरी की।

वे एडिलेड विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस में एसोसिएट प्रोफेसर (एडजंक्ट), ब्रेकथ्रू बिजनेस इंटेलिजेंस के सीईओ, सिंहपुत्र फाइनेंस के अध्यक्ष और कैंडी में ब्रिटिश उच्चायोग के मानद कांसुल रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं, पुस्तक अध्यायों, पत्र-पत्रिकाओं में कई शोध-पत्र और लेख लिखे हैं, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में पत्र प्रस्तुत किए हैं और पूरे एशिया, अमेरिका व यूरोप की व्यापक यात्राएं की हैं।

संघ के प्रति गहरी श्रद्धा रखने वाले परिवार से होने के कारण अमल की रुचि बचपन से ही धम्म में थी और उन पर अपने माता-पिता का गहरा प्रभाव था। २००७ में कैंडी लौटने के बाद से अमल अर्ध-सेवानिवृत्त जीवन जी रहे हैं, जिससे उन्हें विभिन्न केंद्रों में धम्म-साधना में लंबा समय बिताने का भरपूर अवसर मिला है—विशेष रूप से गमपहा जिले के सुमतिपाल नाहिमी सेणसुन अरण्य में भंते पेमसिरी महाथेरो के मार्गदर्शन में।

भंते पन्निपिटिये उपसम

गृहस्थ जीवन में भंते उपसम को भुवेनेका नीलकोमल विजेतिलका के नाम से जाना जाता था। वे एक सफल मरीन इंजीनियर थे और मुख्य इंजीनियर (चीफ इंजीनियर) के पद तक पहुँचे; उन्होंने ब्रिटिश लाइसेंस के साथ समुद्री जहाजों पर दुनिया भर की यात्राएं कीं। अपने पिता के प्रभाव के कारण युवावस्था से ही उनका झुकाव धम्म की ओर था, जिससे उनका संघ के साथ गहरा जुड़ाव बना।

भंते ञाणविमल से मुलाकात ने उन्हें एक गहन आध्यात्मिक जीवन की ओर मोड़ा और अंततः वे बौद्ध भिक्खु बन गए। वर्तमान में वे अपना अधिकांश समय अरण्य विहारों में साधना करते हुए बिताते हैं।

निमल विजयनारायण सोन्नदरा

अपने माता-पिता के धार्मिक संस्कारों के कारण निमल का झुकाव बहुत छोटी उम्र से ही धम्म की ओर था। उन्होंने समुद्री करियर चुना और ब्रिटिश मरीन लाइसेंस प्राप्त कर चीफ इंजीनियर के पद तक पहुँचे। उन्होंने यूके के डार्लिंगटन स्थित रोपनर शिप मैनेजमेंट में काम किया और कोलंबो के वॉकर संस एंड कंपनी लिमिटेड में मरीन इंजीनियरों के प्रशिक्षण समूह में भुवेनेका के सहयोगी रहे।

उनकी अधिकांश गतिविधियों का समय भुवेनेका के साथ ही बीता और उन्हें भंते ञाणविमल की सेवा-सुश्रूषा करने का दुर्लभ अवसर मिला। इस पावन संगति ने उनके भीतर धम्म की गहरी और स्थायी समझ विकसित करने की एक मजबूत नींव रखी।