‘शून्यता’ वास्तव में कोई खालीपन नहीं, बल्कि चीज़ों को देखने का एक नज़रिया (संज्ञा) है। यह अपने अनुभवों को परखने का एक ऐसा विशेष ढंग है, जहाँ शारीरिक और मानसिक घटनाओं के विशुद्ध (कच्चे) अनुभव में अपनी तरफ से न तो कुछ जोड़ा जाता है और न ही उसमें से कुछ घटाया जाता है। मन और इंद्रियों में जो कुछ भी घट रहा है, उसे बस वैसा ही जाना जाता है, बिना यह सोचे कि इन घटनाओं के पीछे कोई छिपा हुआ अर्थ या अस्तित्व है भी या नहीं।
इस नज़रिए (संज्ञा) को ‘शून्य’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें हम अपनी कोई भी पूर्वधारणा (पहले से बनी राय) नहीं थोपते। आमतौर पर, अपने अनुभवों को समझने के लिए हम हमेशा कुछ धारणाओं का सहारा लेते हैं—वे कहानियाँ और मान्यताएँ जिनसे हम खुद को समझते हैं और अपनी दुनिया को परिभाषित करते हैं।
हालाँकि, इन कहानियों और मान्यताओं का कभी-कभी सही उपयोग भी हो सकता है, लेकिन भगवान बुद्ध ने पाया कि इनसे उठने वाले बड़े-बड़े और उलझाऊ दार्शनिक सवाल—जैसे कि ‘मेरी असली पहचान क्या है?’, ‘आत्मा का स्वभाव कैसा है?’ या ‘क्या बाहरी दुनिया सच में मौजूद है?’—हमें हमारे वर्तमान के सीधे अनुभव से भटका देते हैं। इस भटकाव के कारण हम यह समझ ही नहीं पाते कि इस पल में घटने वाली घटनाएँ एक-दूसरे पर कैसे असर डाल रही हैं। नतीजतन, हम दुख को समझने और उससे मुक्त होने के अवसर से चूक जाते हैं।
“मैं” और “मेरा” का ठप्पा: दुख का मूल कारण
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए कि ध्यान करते समय आपके मन में अपनी माँ के प्रति क्रोध की भावना उठती है। उसी पल, मन तुरंत प्रतिक्रिया करता है और उस क्रोध को अपना मान लेता है—“मेरा क्रोध” या “मुझे गुस्सा आ रहा है।” फिर मन उस भावना को सही ठहराने या उसकी व्याख्या करने लगता है; या तो वह इसे आपकी माँ के साथ आपके रिश्तों की किसी पुरानी कहानी से जोड़ देता है, या फिर यह सोचने लगता है कि किन स्थितियों में माँ पर गुस्सा करना जायज़ हो सकता है।
बुद्ध की दृष्टि में, इस पूरी प्रक्रिया की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इससे बहुत अधिक दुख पैदा होता है। आप इन कहानियों में जितना उलझेंगे, दुख के असली कारण से उतना ही दूर होते जाएँगे। और वह असली कारण है—“मैं” और “मेरा” का वह ठप्पा, जिसे लगाते ही यह पूरी उलझन शुरू हुई थी। इसका नतीजा यह होता है कि आप उस कारण को हटाने का तरीका ही नहीं ढूँढ पाते, जिससे यह दुख हमेशा के लिए खत्म हो सके।
क्रोध को ‘शून्य’ की तरह देखना
लेकिन, यदि क्रोध उठने पर आप शून्यता की मानसिक स्थिति अपना सकें—बिना कोई प्रतिक्रिया दिए, बिना उस क्रोध को किसी बाहरी संदर्भ या पुरानी कहानी से जोड़े—और उसे बस ‘घटनाओं की एक कड़ी’ के रूप में देख सकें, तो आप समझ जाएँगे कि उस क्रोध में ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे आप ‘अपना’ बनाना चाहें। इस अर्थ में, वह क्रोध ‘शून्य’ है।
जैसे-जैसे आप इस शून्य नज़रिए को बनाए रखना सीख जाते हैं, आप पाते हैं कि यह सच्चाई केवल क्रोध जैसी मोटी भावनाओं पर ही नहीं, बल्कि संसार के सबसे सूक्ष्म अनुभवों पर भी लागू होती है। इस नज़रिए से देखें तो सब कुछ शून्य है। यह जानकर गहरा बोध होता है कि हर चीज़ पर “मैं” और “मेरा” का ठप्पा लगाना अनुचित और अनावश्यक है, जो केवल दुख को जन्म देता है। तब आप इस ठप्पे को पूरी तरह से त्याग सकते हैं। और जब इसे पूरी तरह से त्याग दिया जाता है, तब उस शून्यता के दृष्टिकोण से एक बहुत ही गहरा अनुभव जन्म लेता है—पूर्ण मुक्ति का अनुभव!
गलत व्याख्याओं का जाल
शून्यता के इस नज़रिए में कुशल होने के लिए शील (सदाचार), समाधि (एकाग्रता) और प्रज्ञा (अन्तर्ज्ञान) के कड़े अभ्यास की आवश्यकता होती है। यदि ऐसा न किया जाए, तो मन अपने उसी पुराने नज़रिए में कैद रहता है—अपने और दुनिया के बारे में कहानियाँ गढ़ने की आदत में।
और जब मन अपने पुराने नज़रिए से ‘शून्यता’ की शिक्षा को देखता है, तो उसे यह बस एक नई कहानी लगती है, जिसके नियम थोड़े अलग हैं।
- आपकी माँ के साथ रिश्ते के संदर्भ में, आपको लग सकता है कि शून्यता का मतलब है: “न कोई मैं हूँ, न कोई माँ है।”
- दुनिया के नज़रिए से देखने पर आपको लग सकता है कि शून्यता का मतलब या तो यह है कि “दुनिया का कोई अस्तित्व ही नहीं है”, या फिर शून्यता पूरे ब्रह्मांड का कोई महान, अद्वैत आधार (परमात्मा जैसा) है, जिससे हम सब निकले हैं और अंततः उसी में विलीन हो जाएँगे।
ये व्याख्याएँ शून्यता के असली अर्थ से बहुत दूर हैं; उल्टे, ये मन को सही नज़रिया अपनाने से रोकती हैं।
अगर आपकी ज़िंदगी की कहानी और दुनिया के लोग सच में हैं ही नहीं, तो उस कहानी में किए गए सभी काम शून्यों के जोड़-घटाव जैसे बेमानी लगने लगेंगे, और मन सोचने लगेगा कि फिर शील (सदाचार) का पालन करने का फायदा ही क्या है?
दूसरी ओर, अगर शून्यता को पूरे अस्तित्व का ऐसा मूल आधार मान लिया जाए जिसमें हम सब एक दिन समा ही जाएँगे, तो फिर समाधि और प्रज्ञा का कठोर अभ्यास करने की क्या ज़रूरत है? आखिर एक दिन तो वहाँ पहुँचना ही है! और अगर वहाँ पहुँचने के लिए अभ्यास ज़रूरी भी हो, तो इस बात की क्या गारंटी है कि हम वहाँ से वापस निकलकर फिर से दुख में नहीं डूब जाएँगे?
ऐसी सोच मन को प्रशिक्षित करने के पूरे मार्ग को ही व्यर्थ साबित कर देती है। अनुभव के पीछे कुछ ‘है’ या ‘नहीं है’—इस सवाल में उलझकर मन ऐसी बहसों में फँस जाता है जो उसे वर्तमान का सीधा नज़रिया अपनाने ही नहीं देतीं।
कहानियों का सही उपयोग और अंतिम लक्ष्य
इसका मतलब यह नहीं है कि कहानियाँ या दुनिया को देखने के अलग नज़रिए (विश्वदृष्टि) हमेशा बुरे ही होते हैं। लोगों को धर्म का उपदेश देते समय खुद बुद्ध भी इनका उपयोग करते थे, लेकिन उस समय वे कभी “शून्यता” शब्द का प्रयोग नहीं करते थे।
वे लोगों की जीवन-कथाएँ सुनाकर यह समझाते थे कि कैसे उनके गलत इरादों और अकुशल धारणाओं के कारण दुख पैदा हुआ, और कैसे संवेदनशील बनकर वे उस दुख से छुटकारा पा सके। बुद्ध संसार चक्र के मूल सिद्धांतों को भी समझाते थे (जिसे एक ‘विश्वदृष्टि’ कहा जा सकता है)। वे बताते थे कि बुरे इरादों से किए गए कर्म दुख भरे जन्म की ओर ले जाते हैं और नेक इरादों वाले कर्म सुखद जन्म की ओर। और तो और, सबसे उत्तम कर्म वे हैं जो इंसान को जन्म-मरण के इस चक्र से ही पूरी तरह बाहर निकाल देते हैं।
इन सभी शिक्षाओं का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना था ताकि वे वर्तमान में अपने इरादों और धारणाओं की गुणवत्ता पर ध्यान दें—यानी, वे शून्यता का नज़रिया अपनाने के लिए तैयार हो जाएँ। एक बार उस स्तर पर पहुँचने के बाद, वे शून्यता की शिक्षा का सही उपयोग कर सकते हैं।
और वह असली उपयोग है: सभी धारणाओं, कहानियों और मान्यताओं के प्रति अपने लगाव को ‘शून्य’ कर देना। जब यह लगाव शून्य हो जाता है, तो मन का राग, द्वेष और मोह पूरी तरह से शून्य हो जाता है। इसका सीधा अर्थ है—हर तरह के दुख का शून्य हो जाना।
और अंत में, केवल यही एक शून्यता है जो वास्तव में मायने रखती है।
लेखक: थानिस्सरो भिक्खु

आप एक प्रतिष्ठित थेरवादी भिक्षु और ध्यानसाधना के आचार्य हैं, जिन्हें स्नेहपूर्वक “अजान जेफ़” के नाम से भी जाना जाता है। आप अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया स्थित “मेत्ता अरण्य विहार” (Metta Forest Monastery) में निवास करते हैं, जहाँ आपने गहन ध्यान साधना, धर्म-विनय के अनुशासित पालन, और प्राचीन पाली सूत्रों के अध्ययन व शिक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाया है।
धर्म और विनय पर आपकी गहरी पकड़ और तर्कसम्मत व्याख्यानों से दुनियाभर के भिक्षु और साधक प्रेरित हुए हैं। आपने सुत्तपिटक और विनयपिटक के अधिकांश सूत्रों का अंग्रेज़ी में सरल व सटीक अनुवाद किया है, जिससे पाली बौद्ध सूत्रों की मौलिकता और गहराई जनसामान्य तक सहज रूप से पहुँच सके। आपके ध्यान और बौद्ध दर्शन पर दिए गए प्रवचन आधुनिक जीवन में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं, जिससे असंख्य साधकों को आध्यात्मिक दिशा मिली है।
आपका योगदान धम्मदीप.com से जुड़े सभी भिक्षुओं के आध्यात्मिक विकास में सबसे महत्वपूर्ण रहा है, और आप ही इस मंच के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। आप की शिक्षाएँ और अनुवाद dhammatalks.org पर अँग्रेजी में निःशुल्क उपलब्ध हैं।
आप के लेखों को हिन्दी में यहाँ पढ़ा जा सकता हैं।
इस लेख को उसकी मूल भाषा अँग्रेजी में पढ़ें: What is Emptiness?
